दो अमेरिकी अधिकारियों और दो अन्य जानकार सूत्रों के हवाले से समाचार वेबसाइट एक्सियोस ने रिपोर्ट दी है कि व्हाइट हाउस का मानना है कि वह ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने और आगे विस्तृत परमाणु वार्ताओं के लिए एक रूपरेखा तय करने वाले एक पृष्ठ के समझौता-पत्र (एमओयू) के करीब पहुँच गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका को उम्मीद है कि ईरान अगले 48 घंटों के भीतर कुछ अहम बिंदुओं पर अपना जवाब देगा। सूत्रों ने बताया कि, अभी तक कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है, लेकिन युद्ध शुरू होने के बाद से दोनों पक्ष समझौते के सबसे निकट पहुँचे हैं।
एक्सियोस के दावे के मुताबिक, इस संभावित समझौते में ईरान द्वारा यूरेनियम एनरिचमेंट को अस्थायी रूप से रोकने की प्रतिबद्धता, अमेरिका द्वारा प्रतिबंधों में राहत, ईरान की अरबों डॉलर की जमी हुई संपत्तियों को मुक्त करने, तथा स्ट्रैट ऑफ हुर्मुज से आवाजाही पर दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने जैसे बिंदु शामिल हो सकते हैं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस समझौता-पत्र में शामिल कई शर्तें अंतिम व्यापक समझौते पर निर्भर होंगी। इससे यह संभावना बनी रहती है कि भविष्य में युद्ध फिर शुरू हो सकता है या एक लंबी अनिश्चित स्थिति पैदा हो सकती है, जिसमें युद्ध तो रुक जाए, लेकिन मूल विवाद का समाधान न हो।
इस बीच रॉयटर्स ने पाकिस्तान के एक सूत्र के हवाले से एक्सियोस की इस रिपोर्ट की पुष्टि करते हुए लिखा कि अमेरिका और ईरान युद्ध समाप्ति के लिए एक पृष्ठ के समझौता-पत्र पर सहमति के करीब हैं। हालाँकि, रॉयटर्स ने इस संभावित समझौते के विवरण के बारे में कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की।
आपकी टिप्पणी